केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार शाम से अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. कार्यक्रम के दौरान वे अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर प्रदान करेंगे, नए भर्ती पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे और सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेंगे.
शनिवार को बंडेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सुबह 10:30 बजे कार्यक्रम प्रस्तावित है. शाह शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, परेड और औपचारिक मार्च पास्ट का निरीक्षण करेंगे तथा राज्य पुलिस को सम्मान प्रदान करेंगे. इसके बाद वे सभा को संबोधित करेंगे और नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र देंगे. उनके करीब 1:40 बजे ईटानगर रवाना होने का कार्यक्रम है.
बाद में लोक भवन में वे वरिष्ठ राज्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. अधिकारियों के साझा किए गए प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, बैठक में प्रमुख विकास परियोजनाओं, आंतरिक सुरक्षा, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, बुनियादी ढांचे और केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा हो सकती है.
रविवार को डोरजी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में शाह अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेशन विजन डॉक्यूमेंट 2047 जारी करेंगे, कोऑपरेशन अवॉर्ड देंगे और सरस मेला का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद वे होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे. यह कार्यक्रम लगभग 3:45 बजे प्रस्तावित है. इसके बाद उनके नई दिल्ली लौटने की योजना है.
दौरे के मद्देनजर राजधानी और पापुम पारे जिले में सुरक्षा बढ़ाई गई है. जिला प्रशासन ने 20 से 22 नवंबर तक पूरे जिले को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया है. आदेश के तहत ड्रोन, मानव रहित विमान, गुब्बारे और हवाई फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी पर रोक रहेगी.
यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध जारी है. अरुणाचल प्रदेश में सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र की वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम जैसी पहल भी चल रही है.
