केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे. उन्होंने सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में करीब 250 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला बोला.

शाह ने कहा कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होने वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद नहीं चलने देता, संसद के मुद्दों को सड़क पर लाकर हंगामा करता है और अराजकता फैलाता है. शाह ने कहा कि यदि विपक्ष की यही कार्यशैली रही तो उसे आने वाले पांच साल भी विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहना चाहिए.

उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने की उम्मीद में पूरी जिंदगी ‘मॉक पार्लियामेंट’ में बने रह सकते हैं, लेकिन उनका नंबर कभी नहीं आएगा. शाह ने पंजाब में अगली सरकार एनडीए की बनने का दावा भी किया.

इससे पहले शाह सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम में चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा गया.

शाह ने कहा कि पंजाब के निकट होने के बावजूद चंडीगढ़ देश का सबसे पहले नशामुक्त होने वाला शहर बन सकता है. उनके मुताबिक, एनडीपीएस मामलों में नए कानून लागू होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने 93 प्रतिशत आरोपियों को जेल भेजा है. उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था की भी सराहना की.