केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत के इतिहास और ज्ञान को उपनिवेशवादी दृष्टि से मुक्त करने का अर्थ अतीत को मिटाना नहीं है. उनके अनुसार, इसका उद्देश्य ऐतिहासिक सत्य को प्रामाणिक रूप से और भारतीय नजरिये से दुनिया के सामने रखना है.

शाह ने एशियाटिक सोसाइटी ऑफ मुंबई में ‘गणेश ज्ञानार्थी’ प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान यह बात कही. उन्होंने भारत की ज्ञान-परंपराओं, पांडुलिपियों और अभिलेखों को संरक्षित कर देश-दुनिया तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया.

विचारधारा से मुक्त ज्ञान की बात

शाह ने कहा कि ज्ञान किसी विचारधारा के बंधन में नहीं होना चाहिए. उनके मुताबिक, ज्ञान को किसी ढांचे में बांधने से उसका मूल अर्थ बदल जाता है और उसका प्रस्तुतीकरण भी स्वतंत्र होना चाहिए.

उन्होंने ब्रिटिश शासन के दौर में ज्ञान और सत्ता के आपसी संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के ज्ञान को भारतीय आवाज में नहीं लिखा गया, बल्कि उसे औपनिवेशिक दृष्टिकोण से देखा गया. उन्होंने कहा कि अब इस ढांचे से ज्ञान को मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है.

शाह ने एशियाटिक सोसाइटी के पास मौजूद संग्रह, ज्ञान और दस्तावेजों के उपयोग को ‘महान भारत’ के निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि संस्था की स्थापना के इतिहास पर बहस से अधिक जरूरी यह देखना है कि उसके संचित संसाधनों का उपयोग कैसे किया जा सकता है.

पांडुलिपियों के साझा मंच का सुझाव

गृह मंत्री ने सोसाइटी में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों का भी उल्लेख किया. इनमें महाभारत की चित्रयुक्त प्रति तथा जैन और बौद्ध परंपराओं से जुड़े ग्रंथ शामिल बताए गए. उन्होंने कहा कि इनमें मौजूद ज्ञान को लंबे समय पहले ही व्यापक समाज और शोध जगत तक पहुंचना चाहिए था.

शाह ने संस्था की नई समिति से महाराष्ट्र और देशभर के विद्वानों को इन संग्रहों के अध्ययन से जोड़ने का आग्रह किया. उन्होंने देश की विरासत-संरक्षित लाइब्रेरी और संस्थानों को एशियाटिक सोसाइटी के तहत एक साझा मंच पर लाने का सुझाव भी दिया, ताकि विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विद्वानों के लिए ज्ञान का साझा भंडार तैयार हो सके.

उन्होंने महाराष्ट्र के गांवों और घरों में सुरक्षित पारिवारिक दस्तावेजों को एकत्र करने का अभियान चलाने और उन्हें ज्ञान भारतम पांडुलिपि सर्वेक्षण से जोड़ने का प्रस्ताव रखा. नालंदा का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि भौतिक पुस्तकालय नष्ट किए जा सकते हैं, लेकिन स्मृति और परंपरा में सुरक्षित ज्ञान को समाप्त नहीं किया जा सकता.