केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 26 जून 2026 को नई दिल्ली में नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 10वीं शीर्ष स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए ‘विजन डॉक्यूमेंट ऑन ड्रग कंट्रोल (2026-2029)’ जारी किया. सरकार ने अगले तीन वर्षों के लिए देश में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को कमजोर करने और ड्रग तस्करी के पूरे तंत्र पर कार्रवाई का रोडमैप सामने रखा है.
शाह ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका संबंध राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक स्थिरता, आर्थिक हितों और युवाओं के भविष्य से भी है. उन्होंने केंद्र, राज्यों और संबंधित विभागों से साझा रणनीति, स्पष्ट लक्ष्य और तय समयसीमा के साथ काम करने को कहा.
चार स्तंभों पर आधारित है योजना
सरकारी विजन डॉक्यूमेंट में ड्रग कंट्रोल रणनीति को चार प्रमुख स्तंभों में बांटा गया है. इनमें प्रवर्तन, खुफिया और अभियान; प्रीकर्सर केमिकल्स और सिंथेटिक ड्रग्स पर नियंत्रण; मांग में कमी और पुनर्वास; तथा क्षमता निर्माण, समन्वय और निगरानी शामिल हैं.
रोडमैप में ‘डिटेक्ट, डिसरप्ट एंड डिस्ट्रॉय’ यानी नेटवर्क का पता लगाने, उसे बाधित करने और पूरी तरह खत्म करने की नीति पर जोर दिया गया है. इसके तहत सीमा क्षेत्रों, बंदरगाहों, हवाई अड्डों और गांवों तक निगरानी मजबूत करने की बात कही गई है. सरकार ने मानव खुफिया, तकनीकी निगरानी और कम्युनिटी पुलिसिंग के बेहतर इस्तेमाल को भी प्राथमिकता दी है.
वित्तीय जांच और राज्यों की भूमिका पर जोर
गृह मंत्री ने बड़े NDPS मामलों में वित्तीय जांच को अनिवार्य बनाने और अपराध से अर्जित धन को फ्रीज तथा जब्त करने की जरूरत बताई. राज्यों से अपनी एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स को पूर्णकालिक, समर्पित, सुसज्जित और जवाबदेह इकाइयों में बदलने को कहा गया है.
विदेशों में छिपे तस्करों और अपराधियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस, प्रत्यर्पण प्रक्रिया और केंद्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया. सरकार ने प्रमुख मामलों में तेज सुनवाई के लिए विशेष NDPS अदालतों की स्थापना की दिशा में काम करने की बात कही है.
सिंथेटिक ड्रग्स और मांग घटाने पर फोकस
सरकार की योजना में मेथामफेटामाइन, मेफेड्रोन और अन्य उभरती सिंथेटिक ड्रग्स के उत्पादन और तस्करी पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है. प्रीकर्सर केमिकल्स की निगरानी और अवैध निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई को इस रणनीति का अहम हिस्सा बनाया गया है.
मांग घटाने के लिए ‘ड्रग-फ्री जोन’ विकसित करने और जागरूकता अभियान चलाने का प्रस्ताव है. इन अभियानों में माता-पिता, शिक्षक, शैक्षणिक संस्थान, युवा संगठन और संबंधित मंत्रालयों की भागीदारी पर जोर दिया गया है. शाह ने तस्करों के खिलाफ सख्त रुख के साथ नशे से प्रभावित युवाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की बात भी कही.
बैठक में शाह ने ‘ऑनलाइन ड्रग्स डिस्पोजल फोर्टनाइट कैंपेन’ की शुरुआत की. इसके तहत 2,09,500 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थों को नष्ट करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनकी अनुमानित कीमत 6,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है. उन्होंने NCB की 2025 की वार्षिक रिपोर्ट जारी की और जम्मू तथा गुवाहाटी में NCB के जोनल कार्यालयों का ई-उद्घाटन भी किया.
