गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की रक्षा नीति में ऐसा बदलाव आया है, जिसके चलते दुश्मन भारत पर हमला करने से पहले दो बार सोचते हैं. उन्होंने कहा कि आतंकवादी हमले की स्थिति में भारत पाकिस्तान की सीमा के भीतर जाकर जवाब देने के लिए तैयार है.

शाह ने अपने बयान में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पहले यह कल्पना करना भी मुश्किल था कि भारत का प्रधानमंत्री पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जवाब देने का निर्णय ले सकता है.

अमित शाह मुंबई में 52वें इंडिया जेम एंड ज्वेलरी अवॉर्ड्स समारोह में शामिल हुए थे. इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 17 सितंबर को आने वाले जन्मदिन से पहले ‘सेवा संकल्प’ अभियान की शुरुआत की. बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.

अर्थव्यवस्था और निर्यात पर सरकार का दावा

शाह ने कहा कि 2014 में भारत को ‘फ्रैजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन अब देश दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. उन्होंने पिछले 12 वर्षों में बुनियादी बदलाव होने का दावा किया.

उन्होंने यह भी कहा कि भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है और देश प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ रहा है. शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में आगे ले जाने का विश्वास लोगों में पैदा किया है.

गृहमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात के क्षेत्र में सरकार के काम का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) जैसी योजनाओं के चलते भारत का निर्यात लगातार पुराने रिकॉर्ड तोड़ रहा है.