केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संविधान का राजनीतिक दिखावे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. दिल्ली में संविधान गौरव दिवस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि संविधान की प्रति जेब में रखना या सार्वजनिक रूप से लहराना, अपने आप में उसका सम्मान नहीं है.

शाह के मुताबिक संविधान का वास्तविक सम्मान उसके आदर्शों और उसमें तय मानकों के अनुसार जीवन जीने में है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक ओर लगातार संविधान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर संविधान और उससे जुड़ी संस्थाओं का मजाक उड़ाते हैं तथा चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं.

गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग दिखावे के लिए संविधान की प्रति लहराते हैं, उन्हें संसद के पुस्तकालय में जाकर मूल संविधान में नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्र देखने चाहिए. उनके अनुसार इससे संविधान की भावना को समझने में मदद मिल सकती है.

आपातकाल और संविधान संशोधन का उल्लेख

शाह ने कांग्रेस शासन के दौरान लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस दौरान 18 महीने तक देश संविधान की भावना से वंचित रहा, मौलिक अधिकार सीमित किए गए, अखबारों को संपादकीय प्रकाशित करने से रोका गया और विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया.

उन्होंने जवाहरलाल नेहरू सरकार द्वारा 1951 में संविधान के अनुच्छेद 19 में किए गए पहले संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर उचित प्रतिबंधों का प्रावधान जोड़ा गया.

शाह ने भाजपा सरकार के GST, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने और EWS के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण जैसे फैसलों को सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण और आर्थिक सुधारों से जोड़ा. उन्होंने संविधान को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों, देश की सभ्यता और भविष्य की दिशा से जुड़ी विरासत बताया.