नई दिल्ली में पुलिस स्मृति दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार का अगला बड़ा लक्ष्य देश को नशीले पदार्थों के खतरे से मुक्त करना है. उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा.

शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय 2026 के बचे हुए समय और उसके बाद के तीन वर्षों को नशे के खिलाफ अभियान के लिए समर्पित करेगा. उन्होंने देशभर की पुलिस और सुरक्षा बलों से ‘नशामुक्त भारत’ रोडमैप को लागू करने में पूरी भागीदारी की अपील की.

गृह मंत्री के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित इलाकों में अब विकास के अनुकूल माहौल बना है. उन्होंने उग्रवाद के खिलाफ अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), उसकी CoBRA बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस की भूमिका की विशेष सराहना की.

कार्यक्रम के दौरान शाह ने ‘ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई’ थीम वाली राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली को भी रवाना किया. इसमें 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से पांच-पांच प्रतिभागी तथा नौ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रतिनिधि शामिल हैं. रैली में शामिल लोग अलग-अलग हिस्सों से गुजरात के केवड़िया पहुंचेंगे और 31 अक्टूबर को होने वाली एकता दिवस परेड में शामिल होंगे.

पुलिस स्मृति दिवस पर शाह ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 36,852 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी.

केवड़िया में होने वाले कार्यक्रम में वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 7,000 लोग शामिल होंगे. इसके अलावा इन जिलों के लगभग 5,000 स्थानीय लोगों को भी आमंत्रित किया गया है. कार्यक्रम में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस के जवानों की परेड भी होगी.