केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि 2029 से पहले बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA के सभी 21 राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू कर दिया जाएगा. उन्होंने यह बात रविवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही.

शाह के मुताबिक, कई राज्यों में UCC लागू किया जा चुका है और उन्हें भरोसा है कि NDA शासित सभी 21 राज्यों में भी इसे 2029 से पहले लागू किया जाएगा. UCC के तहत शादी, तलाक, विरासत और गोद लेने जैसे व्यक्तिगत मामलों के लिए धर्म से अलग समान कानून की व्यवस्था का प्रावधान बताया जाता है.

सुरक्षा और अवैध घुसपैठ पर सरकार का रुख

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाह ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि ये आतंकवाद के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दिखाते हैं. उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को हर क्षेत्र में प्राथमिकता दी गई है. चीन और अन्य संवेदनशील रणनीतिक मुद्दों पर उन्होंने सार्वजनिक टिप्पणी करने से इनकार किया और कहा कि ऐसी जानकारी साझा करने से सशस्त्र बलों को नुकसान हो सकता है.

अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर गृह मंत्री ने कहा कि सरकार अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर करने के लिए प्रतिबद्ध है. मणिपुर में 1951 को आधार वर्ष मानकर NRC लागू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि राज्य के नेताओं और राजनीतिक दलों के साथ बातचीत चल रही है. फैसला होने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी.

अर्थव्यवस्था और राजनीतिक प्राथमिकताओं का दावा

शाह ने कहा कि 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति थी, जबकि बीजेपी सरकार के बाद राजनीति का आधार प्रदर्शन और कामकाज बना है. उन्होंने दावा किया कि भारत पहले कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन अब दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. उनके अनुसार, पहली तिमाही में GDP वृद्धि 7.8 फीसदी रही.

भाषा विवाद पर उन्होंने मातृभाषा को प्राथमिकता देने की बात कही और कहा कि राज्य नेतृत्व को इसका समाधान निकालना चाहिए. विरोध प्रदर्शनों के सवाल पर शाह ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है और लोगों के विरोध करने के अधिकार का सम्मान किया जाता है.

17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर शाह ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की. इसमें बीजेपी, NDA के सहयोगी दल, सामाजिक संगठन और आम लोग शामिल होंगे. अभियान को राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, जिलों, लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के साथ बूथ स्तर तक ले जाने की योजना बताई गई है.

अभियान में मोदी के सार्वजनिक जीवन, उनकी उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को केंद्र में रखा जाएगा. शाह ने बताया कि इसके तहत 12 तरह के कार्यक्रम होंगे, जिनमें गांवों में स्थानीय भाषाओं में संगीत और नाटक भी शामिल हैं.