केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में सत्ता संभालने के बाद देश में पहले के दौर की ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ की जगह ‘परफॉर्मेंस पॉलिटिक्स’ ने ले ली है. वह सोमवार को विजयवाड़ा में आयोजित रामोजी एक्सीलेंस अवॉर्ड्स समारोह को संबोधित कर रहे थे.
रामोजी ग्रुप की ओर से आयोजित यह पुरस्कार समारोह समूह के संस्थापक और वरिष्ठ पत्रकार रामोजी राव की स्मृति में शुरू किया गया है. शाह ने रामोजी राव को असाधारण व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर अपने मूल्यों और सिद्धांतों के लिए संघर्ष किया और उन्हें समाज में स्थापित किया.
शाह ने इन उपलब्धियों का किया उल्लेख
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने स्थिरता, निरंतरता और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है. उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद से निपटने, आर्थिक विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार के कामकाज का उल्लेख किया.
उन्होंने दावा किया कि रूस-यूक्रेन और अमेरिका समेत अन्य देशों के बीच जारी संघर्षों के बावजूद भारत की विकास दर को लेकर सकारात्मक अनुमान सामने आए हैं. शाह के अनुसार, मूडीज ने 2026-27 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान 6.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया है.
शाह ने यह भी कहा कि भारत इस्पात उत्पादन में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है और 2014 की तुलना में उत्पादन में 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. उन्होंने स्वदेशी तकनीक से हाइड्रोजन ट्रेन के निर्माण और संचालन का भी उल्लेख किया.
गरीबी के मुद्दे पर शाह ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में 50 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. यह दावा उनके भाषण के संदर्भ में है.
कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, के. राम मोहन नायडू तथा बी. श्रीनिवास वर्मा भी मौजूद रहे.
