कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित अबॉट्सफोर्ड में पंजाबी सिंगर और अभिनेता अमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है. घटना के बाद अमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने कहा कि उनका बेटा और परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्होंने उन रिपोर्टों को खारिज किया, जिनमें अमी विर्क को सीधे तौर पर निशाना बनाए जाने की बात कही गई थी.

अमी विर्क ने 5 सितंबर को अबॉट्सफोर्ड के Rogers Forum में परफॉर्म किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद रात में जब वह कार्यक्रम स्थल से निकल रहे थे, उसी दौरान फायरिंग की घटना हुई.

पुलिस के मुताबिक वाहन को बनाया गया निशाना

अबॉट्सफोर्ड पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को रात करीब 11 बजे McCallum Road के 2500 ब्लॉक में एक वाहन पर दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने गोलियां चलाईं. पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गहरे रंग की SUV में सवार लोगों ने पीड़ित वाहन पर कई राउंड फायर किए. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

पुलिस ने बताया कि फायरिंग के कुछ ही समय बाद Sunnyside Place के 2400 ब्लॉक में एक SUV में आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस को वाहन पूरी तरह जला हुआ मिला. मामले की जांच अब AbbyPD की Major Crime Unit कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आगजनी और फायरिंग की घटनाएं आपस में जुड़ी हैं या नहीं.

पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि फायरिंग अमी विर्क के काफिले से जुड़ी थी. हालांकि, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में जिस वाहन को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है, उसे विर्क के काफिले का हिस्सा बताया गया है. उपलब्ध रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि घटना के समय विर्क और शो के प्रमोटर एक वाहन में मौजूद थे, लेकिन इस दावे की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है.

पिता ने कहा- अमी और परिवार सुरक्षित

अमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने कहा कि उनके बेटे पर सीधे गोली नहीं चलाई गई थी. उनके मुताबिक, फायरिंग शो के आयोजकों के काफिले को निशाना बनाकर की गई थी. उन्होंने परिवार के सुरक्षित होने की बात कही और घटना को लेकर चल रही अफवाहों को खारिज किया.

कुछ मीडिया रिपोर्टों में वाहन को बुलेटप्रूफ बताया गया है और करीब सात राउंड फायरिंग का दावा किया गया है. हालांकि, पुलिस के आधिकारिक शुरुआती बयान में इन विवरणों की पुष्टि नहीं की गई है. इसलिए इन दावों को फिलहाल रिपोर्टों तक सीमित माना जा रहा है.

पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से सामने आने की अपील की है. McCallum Road इलाके में मौजूद लोगों से डैशकैम फुटेज साझा करने को भी कहा गया है. जांचकर्ता फायरिंग के मकसद और जली हुई SUV के साथ संभावित संबंध की जांच कर रहे हैं.