असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब पहुंचे. वह अमृतसर जिले के जल्लूपुर खेड़ा गांव में कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की.

अदालत ने उन्हें 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कस्टडी पैरोल पर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी थी. इस दौरान वह हिरासत में ही रहे. परिवार ने उनके शामिल होने के लिए चरण कौर का अंतिम संस्कार कुछ दिनों के लिए टाल दिया था. चरण कौर का 8 नवंबर को 84 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था.

अमृतपाल सिंह अंतिम यात्रा में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर श्मशान स्थल तक गए. अंतिम संस्कार के बाद पुलिस उन्हें वापस अमृतसर हवाईअड्डे ले गई, जहां से उन्हें डिब्रूगढ़ जेल लौटाया गया. रिपोर्टों के अनुसार, गांव और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे.

अस्थि-संग्रह और भोग कार्यक्रम में अमृतपाल सिंह के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होने की अनुमति दी गई है.