अमृतसर में पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े तीन कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 12 पिस्तौल, दो जिंदा हैंड ग्रेनेड, 33 कारतूस और 310.10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेशी हैंडलर्स और गैंगस्टर्स से संपर्क की बात सामने आई है. पुलिस का आरोप है कि हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप ड्रोन के जरिए पहुंचाई जाती थी और आगे आपराधिक तत्वों को सप्लाई की जाती थी.
पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने और कथित वसूली के लिए घरों या दुकानों पर गोलीबारी में किया जाता था.
तीन अभियानों में बरामदगी
पहली कार्रवाई में रंजीत एवेन्यू थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा और शुरुआत में चार पिस्तौल व 10 कारतूस बरामद किए. पूछताछ के बाद तीन और पिस्तौल मिलने की बात पुलिस ने कही.
दूसरी कार्रवाई में छेहरटा थाना क्षेत्र से दो पिस्तौल और चार कारतूस बरामद हुए. आगे की जांच में दो ग्रेनेड, 15 कारतूस और कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. तीसरी कार्रवाई सुल्तानविंड थाना क्षेत्र में हुई, जहां तीन पिस्तौल, चार कारतूस और हेरोइन बरामद की गई.
इन मामलों में तीन अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं. पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों और हथियार-ड्रग सप्लाई की पूरी कड़ी की जांच कर रही है.
