पंजाब के अमृतसर जिले में Government Railway Police (GRP) के ASI सुखचैन सिंह पर 4 अक्टूबर को हुए हमले की जांच में पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े कथित हैंडलरों का लिंक सामने आने का दावा किया है. अमृतसर ग्रामीण पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है.

पुलिस के मुताबिक, सुखचैन सिंह को जगदेव खुर्द गांव के पास घर लौटते समय मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने गोली मारी थी. गोली उनके बाएं हाथ में लगी थी. इस मामले में अजनाला थाने में भारतीय न्याय संहिता और Arms Act के तहत FIR दर्ज की गई थी.

जांच एजेंसियों का आरोप है कि गोइंदवाल साहिब सेंट्रल जेल में बंद बलजीत सिंह ने मोबाइल फोन के जरिए पाकिस्तानी ISI से जुड़े हैंडलरों से दोबारा संपर्क किया और हमले के लिए तीन साथियों को जोड़ा. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को ₹10 लाख देने का वादा किया गया था. जेल से कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद होने की बात भी कही गई है.

पुलिस के अनुसार, मुख्य हमलावर साहिब सिंह को घटनास्थल की निशानदेही के दौरान भागने और SI की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश में पैर में गोली लगी. मामले की जांच जारी है.