अमृतसर में शुक्रवार रात जबल रोड पर नाकाबंदी और धरने के दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित तौर पर धक्कामुक्की की गई. पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे कुछ निहंग सिखों ने मोटरसाइकिल से पहुंचे दूसरे निहंग युवक को रोक लिया और उस पर विरोधी गुट के लिए जासूसी करने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी.
सूचना मिलने पर गेट हकीमा थाने की SHO मंजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. वह युवक को बचाने की कोशिश कर रही थीं, तभी कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनका कॉलर पकड़ लिया और उन्हें धक्का दिया. इसके बावजूद पुलिस टीम युवक को अपने वाहन में बैठाकर थाने ले गई.
प्रदर्शनकारी निहंगों का दावा था कि वे पहले हुए हमले और गोलीबारी के विरोध में धरने पर बैठे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल सवार को विरोधी गुट के नेता मेजर सिंह भिंडवाड़ ने भेजा था. पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद है.
धरने के कारण जबल रोड का यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजना पड़ा. यह घटना अमृतसर में ड्यूटी से लौट रहे ASI हरजीत सिंह की हत्या के एक दिन बाद हुई.
