उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र में एक फार्महाउस में हरियाणा निवासी महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो पुलिसकर्मियों और दो CRPF कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है.
पुलिस के मुताबिक, महिला 21 सितंबर को सोनीपत में CRPF कर्मी मोहित से मिली थी. इसके बाद वह मोहित और उसके साथी लालाराम यादव के साथ मेरठ होते हुए 22 सितंबर की शाम हसनपुर पहुंची. रास्ते में हसनपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक संजय तोमर भी उनके साथ हो गए.
शिकायत के अनुसार, सभी लोग हसनपुर क्षेत्र के एक फार्महाउस पहुंचे और वहां कमरे लिए. महिला ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया. पुलिस के मुताबिक, उसने बुधवार सुबह हेल्पलाइन पर संपर्क किया, जिसके बाद हसनपुर और राजबपुर थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसे सुरक्षित निकाला.
गिरफ्तार आरोपियों में उपनिरीक्षक संजय तोमर, हेड कांस्टेबल प्रमोद तथा CRPF के मोहित और लालाराम यादव शामिल हैं. अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के अनुसार, दोनों स्थानीय पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और CRPF अधिकारियों को भी कार्रवाई के लिए सूचना भेजी गई है. आरोपों की जांच जारी है.
