उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में हाईस्कूल की छात्रा की मौत हो गई. परिजनों ने गांव के युवक नय्यूम पर छात्रा का लगातार पीछा करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर नय्यूम और उसके भाई नासिर के खिलाफ केस दर्ज किया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार का आरोप है कि नय्यूम स्कूल आते-जाते समय छात्रा का पीछा करता था और उसे परेशान करता था. परिजनों का कहना है कि छात्रा ने इस बारे में घरवालों को बताया था. परिवार ने आरोपी के भाई नासिर से भी शिकायत की थी. आरोप है कि इस दौरान नासिर ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी.

परिजनों के मुताबिक, शिकायत के बाद भी छात्रा को परेशान किया जाता रहा. इसके बाद उसने अपने घर में जान दे दी. घटना की सूचना मिलने पर गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

पुलिस के मुताबिक, मामले में नय्यूम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नासिर की तलाश जारी है. अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे.

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.