भारत में एनालॉग पनीर की बिक्री पर देशव्यापी रोक अभी लागू नहीं हुई है. FSSAI प्रमुख राजित पुनहानी ने कहा है कि इस मुद्दे पर राज्यों की बैठक 24 सितंबर को होगी. राज्यों से प्रतिक्रिया लेने और सहमति बनने के बाद पूरे देश में प्रतिबंध पर फैसला किया जा सकता है.
एनालॉग पनीर आमतौर पर वनस्पति तेल, स्टार्च, इमल्सीफायर और अन्य एडिटिव्स से तैयार किया जाता है. छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक समेत कुछ राज्यों में इसकी बिक्री पर पहले ही रोक लगाई जा चुकी है. पुनहानी के मुताबिक, इन राज्यों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को केवल दूध से बने पनीर की उपलब्धता सुनिश्चित करना है.
उन्होंने यह भी बताया कि हाल के महीनों में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एक लाख से अधिक नोटिस जारी किए गए, करीब 5,000 लाइसेंस निलंबित हुए और 600 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं. लगभग 1,900 मामलों में दोषसिद्धि और करीब 33,000 मामलों में दंड लगाया गया.
FSSAI प्रमुख ने कहा कि कई निरीक्षणों में खाद्य मानक सही भी पाए जाते हैं, लेकिन उल्लंघन वाले मामले अधिक सुर्खियों में आते हैं.
