भारत के गणित शिक्षक और Super 30 के संस्थापक आनंद कुमार को जापान में ‘स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया. यह सम्मान जापानी कारोबारी समूह CGC Group के चेयरमैन और CEO अत्सुहिरो होरिउची ने प्रदान किया.

सम्मान के प्रशस्ति-पत्र में आर्थिक रूप से वंचित युवाओं को मुफ्त उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देने के लिए आनंद कुमार के प्रयासों की सराहना की गई. इसमें कहा गया कि उनके काम ने बच्चों के लिए नई संभावनाएं खोली हैं और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण ने भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों को प्रेरित किया है.

प्रशस्ति-पत्र में आनंद कुमार की Super Infinity पहल का भी उल्लेख किया गया. यह पहल राष्ट्रीय सीमाओं और आर्थिक बाधाओं से आगे बढ़कर बच्चों तक गणित की शिक्षा और उसे सीखने का आनंद पहुंचाने के उद्देश्य से काम करती है.

जापानी भाषा में Super Infinity की पहल

आनंद कुमार ने 2002 में पटना से Super 30 की शुरुआत की थी. अब Super Infinity के जरिए वे दुनिया भर के बच्चों तक गणित की शिक्षा पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. मुलाकात के दौरान होरिउची ने जापानी भाषा में चल रही Super Infinity की शैक्षणिक पहल में रुचि दिखाई. उन्होंने कहा कि जापान के बच्चे भी गणित को पारंपरिक तरीकों से अलग, रोचक और मनोरंजक ढंग से सीखना चाहते हैं.

CGC Group के नेटवर्क में 202 सदस्य कंपनियां और 5,083 स्टोर्स शामिल बताए गए हैं. समूह का वार्षिक कारोबार 5.72 लाख करोड़ जापानी येन से अधिक बताया गया है.

सम्मान मिलने पर आनंद कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार उनका नहीं, बल्कि उन बच्चों का है जो कठिन परिस्थितियों में अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि Super 30 से Super Infinity तक उनकी यात्रा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई बच्चा अच्छी शिक्षा से वंचित न रहे.