मोकामा विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली. अदालत ने उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर कर जेल लौटने का निर्देश दिया है. मामले में पटना हाईकोर्ट से मिली उनकी जमानत रद्द करने की याचिका पर सुनवाई हुई थी.
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ के सामने सुनवाई के दौरान अनंत सिंह के वकील ने परिवार में 25 नवंबर को शादी होने का हवाला दिया. इसके बाद अदालत ने उन्हें 1 दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने की मोहलत दी. सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को मामले की जांच चार महीने में पूरी करने का निर्देश दिया है. इसके बाद मामले पर अगली सुनवाई होगी.
चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी हिंसा
दुलारचंद यादव 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे. अनंत सिंह मोकामा सीट से जदयू के उम्मीदवार थे. 30 अक्टूबर 2025 को चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के काफिले आमने-सामने आ गए थे. इस दौरान हुई हिंसा में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी.
मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. जेल में रहते हुए उन्होंने विधानसभा चुनाव जीता. मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आए थे.
जदयू ने छह साल के लिए निष्कासित किया
पार्टी लाइन से अलग जाकर विधान परिषद चुनाव में जन सुराज के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कथित अमर्यादित बयान देने के आरोपों के बाद जदयू ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया. उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी से बाहर किया गया. जदयू ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा की है.
