आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाईस्कूल में शनिवार सुबह कक्षा 10 की दो छात्राओं पर कथित तौर पर पावर आरी से हमला किया गया. दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं. पुलिस ने मामले में 21 वर्षीय आरोपी हेमंत उर्फ डुम्मु को गिरफ्तार किया है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुई, जब कक्षा में शिक्षक की मौजूदगी में पढ़ाई चल रही थी. आरोप है कि आरोपी आरी लेकर कक्षा में घुसा और छात्राओं पर हमला कर दिया. हमले में एक छात्रा के गले, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आने की बात कही गई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मावरम मंडल के नागलुर गांव का रहने वाला है और घायल छात्राओं में से एक का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है. घटना के बाद वह स्कूल से फरार हो गया था. पुलिस ने उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से पकड़ा.

घायल छात्राओं को अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है और उसकी सर्जरी किए जाने की जानकारी है. बेहतर इलाज के लिए उसे एयर एंबुलेंस से बेंगलुरु ले जाने की तैयारी की जा रही है. दूसरी छात्रा की स्थिति के बारे में विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी उपलब्ध नहीं है.

अनंतपुर के डीएसपी अश्विन मनीदीप काकुमनु के मुताबिक, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी स्कूल परिसर में कैसे दाखिल हुआ और हमले का कारण क्या था.

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने घटना की निंदा की है. मुख्यमंत्री ने छात्रा के इलाज पर नजर रखने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है.