आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्‍ताडु गांव स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में शनिवार सुबह कक्षा 10 की दो छात्राओं पर चेनसॉ से हमला किया गया. पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में हुई है. वह श्री सत्य साई जिले के धर्मावरम मंडल के नागलुर का रहने वाला बताया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी ने जिस छात्रा को निशाना बनाया, उसका कथित तौर पर पीछा करता था और पहले उसे प्रस्ताव दे चुका था. प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद हमले की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस जांच में घटना की पूरी वजह और क्रम अभी स्पष्ट किया जा रहा है.

हमला करीब सुबह 10:30 बजे कक्षा चलने के दौरान हुआ. दोनों छात्राओं को चोटें आईं और एक की हालत गंभीर बताई गई. उसे अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी की तैयारी की गई. उसे बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से बेंगलुरु ले जाने की व्यवस्था की जा रही थी.

शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने बताया कि कक्षा 10-ए के 32 छात्रों और कक्षा 8 से 10 तक की छात्राओं के घर 20 मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर भेजे गए हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.