अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में जेल प्रशासन के लिए नया कानूनी ढांचा लागू किया गया है. राष्ट्रपति ने 17 नवंबर 2026 को ‘अंडमान एंड निकोबार आइलैंड्स प्रिजन्स एंड करेक्शनल सर्विसेज रेगुलेशन, 2026’ को संविधान के अनुच्छेद 240 के तहत जारी किया. यह विनियमन प्रशासन की अधिसूचना के जरिए तय तारीख से प्रभावी होगा.

नया कानून प्रिजन्स एक्ट, 1894, प्रिजनर्स एक्ट, 1900 और ट्रांसफर ऑफ प्रिजनर्स एक्ट, 1950 की जगह लेगा. इसका उद्देश्य जेल व्यवस्था को केवल हिरासत और नियंत्रण तक सीमित रखने के बजाय सुधार, पुनर्वास, स्वास्थ्य और रिहाई के बाद पुनर्स्थापन पर केंद्रित करना है.

विनियमन में खुले और अर्ध-खुले जेल, व्यक्तिगत सजा योजना, शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास का प्रावधान है. कैदियों का वर्गीकरण सुरक्षा जोखिम, उम्र, स्वास्थ्य और सुधारात्मक जरूरतों के आधार पर किया जाएगा.

जेलों में CCTV, बायोमेट्रिक पहचान, RFID, डिजिटल रिकॉर्ड, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मोबाइल-जैमिंग तकनीक के इस्तेमाल का प्रावधान है. बिना अनुमति संचार उपकरण रखने पर तीन साल तक की सजा हो सकती है.

महिला, ट्रांसजेंडर और दिव्यांग कैदियों के लिए विशेष सुविधाएं, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, कानूनी मदद और परिवार से संपर्क की व्यवस्था भी शामिल है. कानून जाति आधारित वर्गीकरण, अलगाव और काम के बंटवारे पर रोक लगाता है.