आंध्र प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने और संवेदनशील आबादी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार के आकलन के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को 13 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है.
सरकार के मुताबिक, 12 जिलों में 115 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. संभावित असर को देखते हुए 4,711 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि 30,043 मछली पकड़ने वाली नौकाएं सुरक्षित रूप से बंदरगाहों पर लौट चुकी हैं.
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की सात और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की आठ टीमें 11 संवेदनशील जिलों में तैनात की जाएंगी. नTR और विशाखापत्तनम जिलों में अतिरिक्त टीमों को रिजर्व में रखा जाएगा. सरकार ने हर चार घंटे में मौसम और आपदा संबंधी चेतावनी बुलेटिन जारी करने के निर्देश भी दिए हैं.
प्रशासन को कटी हुई धान की फसल सुरक्षित रखने, 1.82 लाख हेक्टेयर में फैली बागवानी फसलों की रक्षा करने और जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने को कहा गया है. 22 जलाशयों में पानी आने की संभावना के बीच 10 से 12 टीएमसी पानी के भंडारण की तैयारी की जा रही है.
सड़कों और पुलों पर विशेष निगरानी
सड़क एवं भवन विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है. विभाग के मंत्री बी.सी. जनार्दन रेड्डी ने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों की निगरानी के लिए रियल-टाइम गवर्नेंस सोसाइटी के इनपुट, सैटेलाइट डेटा और ड्रोन सर्विलांस का इस्तेमाल करने को कहा है. बाढ़ संभावित सड़कों, खतरनाक मोड़ों और कमजोर पुलों की पहले से पहचान कर वैकल्पिक मार्ग तैयार किए जाएंगे.
गिरे पेड़ों और सड़क अवरोधों को हटाने के लिए विशेष दल, ट्री-कटर, प्रोक्लेन और जेसीबी मशीनें तैयार रखने के निर्देश हैं. मुख्य अभियंताओं और अन्य वरिष्ठ इंजीनियरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. अधिकारियों को जिलाधिकारियों और पुलिस के साथ समन्वय करते हुए प्रभाव खत्म होने तक मुख्यालय पर रहने को कहा गया है. कमजोर पुलों और कॉजवे पर बैरिकेड लगाने तथा जरूरत पड़ने पर यातायात रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं. राहत शिविरों में पेयजल, संरचनात्मक सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की जांच की जा रही है.
