आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवात मुरासु का प्रभाव दिखाई दे रहा है. मंगलवार तड़के करीब एक बजे इसके लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई. तटीय इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं की गति करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे रही और इसके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई. रात 1:30 बजे तक चक्रवात दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में केंद्रित था. उस समय यह ओंगोल से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, कवाली से 60 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और बापटला से 70 किलोमीटर दक्षिण में था.
अगले 12 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 12 घंटों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मंगलवार सुबह तक समुद्र में सामान्य से 1 से 1.5 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका है. इसके चलते तटीय क्षेत्रों में जलभराव हो सकता है. बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में इसका असर अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
ओंगोल और चिराला क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे कई पेड़ उखड़ गए. पुडुचेरी और तमिलनाडु में भी आधी रात से बारिश जारी रहने की जानकारी है.
चक्रवात के कारण 3 नवंबर को विजयवाड़ा से जुड़ी इंडिगो की आठ उड़ान सेवाएं रद्द की गईं. इससे पहले 10 उड़ानें रद्द हो चुकी थीं, जिससे रद्द उड़ानों की कुल संख्या 18 हो गई है.
