आंध्र प्रदेश में संभावित चक्रवाती तूफान और भारी बारिश के मद्देनजर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार पानी छोड़ने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में पहले से तैयारी करने को कहा.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बारिश के पानी का अधिकतम उपयोग करते हुए जलाशयों और अन्य जल निकायों को भरने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया. साथ ही, निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत शिविरों की व्यवस्था करने और पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधा तथा बिजली बहाली की तैयारी रखने को कहा.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान और उसके बाद अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके 28 अक्टूबर को बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की संभावना जताई गई है.

प्रशासन ने बचाव और राहत कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 10 और राज्य आपदा मोचन बल की 11 टीमों को तैयार रखा है. मछुआरों को समुद्र में न जाने और सभी नौकाओं को सुरक्षित तट पर लौटाने के निर्देश भी दिए गए हैं.