आंध्र प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को 28 जिलों में 70 होटल, रेस्तरां और अन्य भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया. विभाग के अनुसार, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और सैनिटेशन मानकों के उल्लंघन पर 25 प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया.

जांच के दौरान कई जगह रसोई में स्वच्छता की कमी, खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण और बिना अनुमति वाले कृत्रिम रंगों व फ्लेवर बढ़ाने वाले पदार्थों के इस्तेमाल की बात सामने आई. कुछ प्रतिष्ठानों में पका हुआ भोजन लंबे समय तक खराब रखरखाव वाले फ्रीजर में रखा मिला. अधिकारियों ने बताया कि कुछ जगह शुद्ध दूध के बजाय वनस्पति तेल से बने पनीर का इस्तेमाल भी पाया गया.

विभाग ने लंबे समय से फ्रीजर में रखे और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 100 किलोग्राम से अधिक पके भोजन को जब्त कर नष्ट कराया. कार्रवाई के दौरान 30 कानूनी मामले दर्ज किए गए. इनमें 10 मामले वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के बिना संचालन से जुड़े थे, जबकि 20 मामले गंभीर स्वच्छता उल्लंघनों को लेकर दर्ज किए गए.

इसके अलावा, 15 प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का नोटिस दिया गया. बंद किए गए प्रतिष्ठानों में विजयवाड़ा का कैसरोल रेस्टोरेंट, अनकापल्ली का अपना पंजाबी ढाबा, नेल्लोर के पलागन ढाबा और पवानी रेजिडेंसी होटल, विशाखापत्तनम का वायुपथ्रा टिफिन्स एंड मील्स रेस्टोरेंट और तिरुपति का होटल मंजुनाथ भवन शामिल हैं.

निरीक्षण की निगरानी स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव जी. वीरपांडियन और ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के महानिदेशक सी. अरुण बाबू ने की.