आंध्र प्रदेश सरकार ने विभिन्न सरकारी पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऊपरी आयुसीमा दो साल बढ़ाकर 44 वर्ष कर दी है. गैर-वर्दी सेवाओं में आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) और अन्य भर्ती एजेंसियों के जरिए होने वाली उन भर्तियों पर यह व्यवस्था लागू होगी, जिनकी अधिसूचना 30 सितंबर 2027 तक जारी की जाएगी.
मुख्य सचिव जी साई प्रसाद की ओर से जारी सरकारी आदेश के मुताबिक, गैर-वर्दी सेवाओं के लिए आयुसीमा पहले 34 वर्ष थी. इसे पहले बढ़ाकर 42 वर्ष किया गया था और अब 42 वर्ष की सीमा को बदलकर 44 वर्ष कर दिया गया है. आदेश में कहा गया है कि यह निर्णय पिछले कुछ वर्षों में सीमित भर्ती अवसरों से प्रभावित बेरोजगार युवाओं को अतिरिक्त अवसर देने के लिए लिया गया.
सरकार के अनुसार, विधान परिषद के सदस्यों के प्रतिनिधित्व और राज्य के आईटी एवं मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश तथा उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के कार्यालयों के जरिए मिले अनुरोधों के बाद यह फैसला लिया गया. आयु में यह छूट आंध्र प्रदेश राज्य एवं अधीनस्थ सेवा नियम, 1996 के नियम 12 के तहत पात्र श्रेणियों को मिलने वाली अन्य रियायतों के अतिरिक्त होगी.
वर्दी वाली सेवाओं के लिए भी विस्तार
पुलिस कर्मियों और होम गार्ड सहित वर्दी वाली सेवाओं के लिए भी अलग सरकारी आदेश जारी किया गया है. इन सेवाओं में ऊपरी आयुसीमा में दी गई छूट की अवधि 30 सितंबर 2026 से बढ़ाकर 30 सितंबर 2027 कर दी गई है.
इसी बीच APPSC ने अलग-अलग विभागों में कुल 892 रिक्तियों पर भर्ती के लिए अधिसूचनाएं जारी की हैं. इनमें 163 पद Group-I श्रेणी के हैं. Group-I पदों के लिए आवेदन 6 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक स्वीकार किए जाएंगे.
इन 163 पदों में 11 Deputy Collector, Tax Services में 14 Assistant Commissioner, 36 Deputy Superintendent of Police (Civil), तीन DSP (Communications), 14 District Educational Officer और एक Tribal Welfare Officer का पद शामिल है. इसके अलावा तीन Regional Transport Officer, Cooperative Services में 15 Deputy Registrar, 12 Municipal Commissioner Grade-II, दो Assistant Treasury Officer, तीन District Employment Officer, 14 Assistant Audit Officer और 35 Divisional Development Officer पद भी हैं.
शेष 729 पद विभिन्न विभागों और सेवाओं में हैं. इनके लिए आवेदन 16 अक्टूबर से 5 नवंबर तक किए जा सकेंगे. शैक्षणिक योग्यता, आयु, परीक्षा प्रक्रिया, चयन पद्धति और अन्य पात्रता शर्तों का विवरण APPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित अधिसूचनाओं में दिया गया है.
