आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में एक सप्ताह के भीतर आए दो चक्रवातों ने किसानों, नारियल उत्पादकों और मछुआरा समुदायों की आजीविका को गंभीर झटका दिया है. डॉ. बी.आर. आंबेडकर कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी जिलों में हजारों नारियल के पेड़ उखड़ गए, धान की फसल नष्ट हुई और कई नावें काम लायक नहीं रहीं.
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 28 अक्टूबर और 3 नवंबर के बीच चक्रवात अर्नब और मुरासु ने आंध्र प्रदेश को प्रभावित किया. अर्नब को ‘अत्यंत गंभीर’ और मुरासु को ‘गंभीर’ चक्रवाती तूफान बताया गया है. अर्नब के 28-29 अक्टूबर को तट से टकराने के दौरान पश्चिम गोदावरी और कोनसीमा के तटीय इलाकों में करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलीं. इसके बाद मुरासु के ओंगोल के पास पहुंचने पर 3-4 नवंबर को अत्यधिक भारी बारिश हुई.
कोनसीमा में 73,500 से अधिक नारियल के पेड़ उखड़ गए और 1,18,109 एकड़ में धान की फसल नष्ट हुई. इससे करीब 88,000 किसान प्रभावित हुए. पश्चिम गोदावरी में 27,397 नारियल पेड़ नष्ट हुए और 5,000 से अधिक छोटे व सीमांत उत्पादक प्रभावित हुए.
क्षेत्र के कई परिवारों को अगले दो-तीन वर्षों तक वैकल्पिक आजीविका तलाशनी पड़ सकती है. बापटला, गुंटूर, पूर्वी गोदावरी और पलनाडु जिले भी चक्रवातों से प्रभावित हुए.
