समाचार एजेंसी ANI ने OpenAI के खिलाफ अपने कॉपीराइट विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट की एकल पीठ के फैसले को चुनौती देते हुए खंडपीठ का रुख किया है. अपील को न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति मनमीत पी.एस. अरोड़ा की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था.
रिपोर्ट के अनुसार, पीठ के न बैठने के कारण मामले की सुनवाई 14 सितंबर तक टाल दी गई.
एकल पीठ ने जुलाई में खारिज की थी ANI की याचिका
24 जुलाई को न्यायमूर्ति अमित बंसल ने ANI की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें एजेंसी ने OpenAI को ChatGPT के प्रशिक्षण के लिए अपनी सामग्री इस्तेमाल करने से रोकने की मांग की थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, 135 पन्नों के फैसले में अदालत ने माना था कि बड़े भाषा मॉडल के प्रशिक्षण के लिए ANI की सामग्री का उपयोग भारतीय कॉपीराइट कानून के तहत ‘फेयर डीलिंग’ के वैधानिक अपवाद में आता है. अदालत ने इसे कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 52(1)(a) के तहत निजी उपयोग की श्रेणी में माना था.
फैसले में यह भी कहा गया था कि प्रशिक्षण के दौरान इस्तेमाल किया गया डेटा केवल AI मॉडल की सीखने की प्रक्रिया के लिए उपलब्ध रहता है और उसे लोगों के देखने या डाउनलोड करने के लिए सार्वजनिक नहीं किया जाता.
ANI ने क्या दलील दी
ANI ने अपनी अपील में कहा कि निषेधाज्ञा से इनकार करते समय OpenAI द्वारा कथित रूप से एजेंसी की सामग्री को स्क्रैप करने, संग्रहित करने और व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल करने के पहलू पर पर्याप्त विचार नहीं किया गया.
एजेंसी का तर्क है कि ऐसे कथित उपयोग से उसके मूल कार्यों को संग्रहित करने, पुनरुत्पादित करने, रूपांतरित करने और अनुवाद करने जैसे विशेष अधिकारों का उल्लंघन होता है. इन दावों पर आगे दिल्ली हाई कोर्ट की खंडपीठ में सुनवाई होगी.
