अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच से जुड़े मामले में देहरादून स्थित सीबीआई अदालत ने उर्मिला सनावर को 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन जारी किया है. अदालत ने उन्हें प्रस्तावित पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट के लिए स्वैच्छिक सहमति के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है.

अदालत यह सुनिश्चित करना चाहती है कि परीक्षणों के लिए उनकी सहमति स्वतंत्र, स्वैच्छिक और पूरी जानकारी के आधार पर हो. समन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उन पर किसी तरह का दबाव, धमकी या अनुचित प्रभाव नहीं होना चाहिए.

सीबीआई ने जांच के दौरान उर्मिला सनावर का पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराने के लिए आवेदन दिया है. अदालत के मुताबिक, उनकी व्यक्तिगत मौजूदगी का उद्देश्य प्रस्तावित परीक्षणों को लेकर सहमति की स्थिति स्पष्ट करना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामला सीबीआई की प्राथमिकी संख्या RC0502026S0002 में दर्ज है और इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 238, 249 और 45 लगाई गई हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 से उर्मिला सनावर ने कई वीडियो जारी किए थे. इनमें उन्होंने अपने पति और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की ऑडियो रिकॉर्डिंग में दुष्यंत गौतम का नाम कथित वीआईपी से जोड़े जाने का दावा किया था. इसके बाद सीबीआई जांच की मांग उठी. हाल में सीबीआई ने सुरेश राठौड़ से भी पूछताछ की थी.