अंकिता भंडारी के माता-पिता ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की. CBI के अनुसार, पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने 2022 के हत्या मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों को जानकारी दी.
CBI के Special Directors मनोज शशिधर और संपत मीणा ने परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. अधिकारियों ने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जाएगी.
CBI ने अंकिता भंडारी की हत्या में कथित ‘VIP’ की भूमिका की जांच के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. परिवार की ओर से पूर्व BJP विधायक सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की लिखित मांग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है. हालांकि, नार्को टेस्ट का अदालत में प्रत्यक्ष साक्ष्य मूल्य नहीं होता.
मुलाकात के दौरान BJP नेता और उत्तराखंड के गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनिल बलूनी भी परिवार के साथ मौजूद थे. 19 वर्षीय अंकिता का शव 2022 में ऋषिकेश के पास मिला था. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सिफारिश के बाद मामले की जांच CBI को सौंपी गई थी.
