मुंबई स्थित एंटीलिया में मुकेश और नीता अंबानी के गणेशोत्सव समारोह में इस बार भी फिल्म, खेल और अंतरराष्ट्रीय जगत से जुड़ी हस्तियां शामिल हुईं. समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलोस की मौजूदगी भी दर्ज की गई. कार्यक्रम से जुड़ी उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं.
संजय दत्त ने साझा की तस्वीर
अभिनेता संजय दत्त ने टिफनी ट्रंप और माइकल बोलोस के साथ एक तस्वीर साझा की. इस तस्वीर में उनके साथ अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी नजर आए. संजय दत्त ने पोस्ट के कैप्शन में टिफनी, माइकल और सर्जियो गोर से मुलाकात को लेकर खुशी जताई.
टिफनी की एक अन्य तस्वीर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की. इसमें टिफनी राधिका अंबानी और मनीष मल्होत्रा के साथ सेल्फी लेती दिखाई दीं.
लहंगा-चोली और पारंपरिक आभूषणों में दिखीं टिफनी
समारोह के लिए टिफनी ने हल्के हरे रंग का लहंगा-चोली पहना था. इसके साथ उन्होंने गुलाबी दुपट्टा लिया. रिपोर्ट के मुताबिक, उनके लहंगे पर सफेद क्रिस्टल का काम था और उन्होंने मनीष मल्होत्रा की जूलरी पहनी थी. नेकलेस, मांगटीका और ईयररिंग्स ने उनके पारंपरिक लुक को पूरा किया.
माइकल बोलोस केसरिया रंग की शेरवानी में नजर आए. गणेशोत्सव समारोह में राधिका अंबानी, संजय दत्त और अन्य मेहमानों के साथ टिफनी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर ध्यान खींचा.
