नई दिल्ली: वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने थिएटराइजेशन को लेकर भारत की जरूरतों के अनुरूप अलग मॉडल बनाने की वकालत की है. उन्होंने कहा कि भारत को किसी दूसरे देश की सैन्य संरचना की सीधी नकल करने के बजाय अपनी रणनीतिक, भौगोलिक, तकनीकी और परिचालन परिस्थितियों का आकलन करना चाहिए.
एपी सिंह के अनुसार, थिएटराइजेशन में जहां आवश्यक हो वहां “केंद्रीय नियंत्रण” और जरूरत के मुताबिक “विकेंद्रीकृत अमल” का संतुलन होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वायु शक्ति की गति, लंबी दूरी, लचीलापन और कम समय में किसी क्षेत्र में combat power केंद्रित करने की क्षमता को संरचना बनाते समय सुरक्षित रखना जरूरी है.
उन्होंने इस बड़े बदलाव को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की बात कही, ताकि सैन्य तैयारियों पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े. वायुसेना प्रमुख ने भविष्य के युद्धक्षेत्र को लेकर अत्यधिक निश्चित अनुमान लगाने से भी सावधान किया.
थिएटराइजेशन योजना का उद्देश्य थलसेना, नौसेना और वायुसेना की क्षमताओं को एकीकृत कर संयुक्त कमान के तहत इस्तेमाल करना है. प्रस्तावित ढांचे में उत्तरी, पश्चिमी और समुद्री थिएटर कमांड की चर्चा रही है, हालांकि तीनों सेनाओं के बीच कमान संरचना और संसाधनों के बंटवारे को लेकर मतभेद बने हुए हैं.
