शिक्षा मंत्रालय ने अपार पोर्टल की प्राइवेसी पॉलिसी अपडेट की है. इसके बाद छात्रों की अपार आईडी का इस्तेमाल पढ़ाई के साथ नौकरी के दौरान शैक्षणिक दस्तावेजों के सत्यापन के लिए भी किया जा सकेगा. अधिकृत नियोक्ता छात्र की डिग्री, मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक उपलब्धियों का डिजिटल रिकॉर्ड जांच सकेंगे.
अपार में मार्कशीट, ग्रेड शीट, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और दूसरी अकादमिक उपलब्धियां रखी जाती हैं. अपडेटेड पॉलिसी के मुताबिक शैक्षणिक संस्थानों के अलावा नियोक्ता जैसी अधिकृत थर्ड पार्टी के साथ भी जरूरी शैक्षणिक जानकारी साझा की जा सकेगी.
सत्यापन से पहले छात्र की सहमति जरूरी
अपार आईडी या अन्य जानकारी मिलते ही नियोक्ता को छात्र का पूरा अकादमिक रिकॉर्ड दिखाई नहीं देगा. नियोक्ता को पहले वेरिफायर के रूप में रजिस्ट्रेशन कराना होगा. इसके बाद वह छात्र के किसी खास दस्तावेज के सत्यापन के लिए अनुरोध भेज सकेगा.
वेरिफिकेशन रिक्वेस्ट की सूचना छात्र को दी जाएगी. छात्र ओटीपी या ई-साइन के जरिए मंजूरी देने के बाद ही संबंधित रिकॉर्ड नियोक्ता के साथ साझा कर सकेगा. छात्र के पास अनुरोध को मंजूर या नामंजूर करने का विकल्प रहेगा.
नियोक्ता सामान्य यूजर की तरह अपार में मौजूद सभी रिकॉर्ड नहीं देख सकेगा. केवल छात्र की मंजूरी से खोले गए प्रमाण-पत्र या दस्तावेज ही सत्यापन के लिए उपलब्ध होंगे. इसका उद्देश्य उम्मीदवार की ओर से सीवी में दी गई डिग्री और संस्थान की प्रामाणिकता जांचना है.
क्लाउड स्टोरेज और डेटा सुरक्षा पर जोर
पॉलिसी में कहा गया है कि अपार छात्रों का निजी डेटा रखने के लिए थर्ड पार्टी क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर्स का इस्तेमाल कर सकता है. डेटा की उपलब्धता, रिकवरी और सेवा की निरंतरता बनाए रखने के लिए उसका ट्रांसफर भी किया जा सकेगा.
थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन की व्यवस्था में डेटा और साइबर सुरक्षा अहम मुद्दे होंगे. रिकॉर्ड की सुरक्षा और सहमति-आधारित पहुंच सुनिश्चित होने पर ही यह व्यवस्था भरोसेमंद तरीके से काम कर सकेगी.
