रायपुर जोन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत आरंग पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से करीब 2 किलो गांजा बरामद हुआ है. इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, आरंग थाने में दर्ज मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि भानसोज निवासी 50 वर्षीय मनचली दिवरा गांजा लेकर आरंग कॉलेज चौक से अपने गांव की ओर जा रही है. इसके बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरंग-कलई रोड पर वाटर हार्वेस्टिंग के पास घेराबंदी की.
बताए गए हुलिए से मिलती महिला के वहां पहुंचने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की. तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के थैले से भूरे रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट मिले. पुलिस के अनुसार, गवाहों के सामने वजन कराने पर इनमें करीब 2 किलो गांजा पाया गया. इसके बाद गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ के आधार पर दो अन्य गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में महिला ने गांजा ग्राम पारागांव निवासी सुखनंदन बंजारे से लेने और ग्राम गुल्लू निवासी वेदराम लोधी को देने की जानकारी दी. इसके आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों को भी गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की है.
पुलिस ने तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड होने की बात कही है. मनचली के खिलाफ तेलीबांधा थाने में आबकारी एक्ट का मामला दर्ज रह चुका है. वेदराम के खिलाफ आरंग थाने में आबकारी एक्ट और मारपीट के तीन मामले बताए गए हैं. सुखनंदन के खिलाफ भी मारपीट के दो पुराने मामलों की जानकारी पुलिस ने दी है.
