केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हारमोनियम बजाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में गीत गाया. वीडियो में वह भजन शैली में ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ पंक्ति दोहराते नजर आए. उन्होंने यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है.

मेघवाल के गीत में केंद्र सरकार की योजनाओं और कामकाज का भी उल्लेख किया गया. वीडियो में मुफ्त राशन, गैस सिलेंडर, आवास, सड़क, बिजली, दवाइयों, पानी और स्वच्छ भारत अभियान जैसे मुद्दों को प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन से जोड़ा गया है.

यह प्रतिक्रिया कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पटना में हुई एक सभा के दौरान की गई टिप्पणी के बाद आई है. कार्यक्रम में भीड़ से प्रधानमंत्री के नहीं जाने की बात कही गई थी, जिसके जवाब में खरगे ने ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ कहा था. इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ नारे को राजनीतिक जवाब के रूप में इस्तेमाल करना शुरू किया.

इसके बाद गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने यही नारा लगाया. दिल्ली में भाजपा नेताओं और सांसद मनोज तिवारी की मौजूदगी वाले एक कार्यक्रम में भी इस पंक्ति का इस्तेमाल हुआ. हरियाणा भाजपा ने इसी नारे वाले टी-शर्ट भी जारी किए हैं.