भारतीय सेना की 2025-26 की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने अपनी तैनाती घटाई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि LAC और चीन के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटरों में अब करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के बराबर सैन्य टुकड़ियां मौजूद हैं. एक कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड में पैदल सेना, टैंक, तोपखाना और एयर डिफेंस जैसी क्षमताएं शामिल होती हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, LAC के सभी सेक्टरों में भारतीय सेना की तैनाती मजबूत है और बल किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं. इसमें यह भी कहा गया है कि 2025 में भारत और चीन के बीच सैन्य बातचीत दोबारा शुरू हुई. मार्च और जुलाई में वर्किंग मैकेनिज्म फॉर कंसल्टेशन एंड कोऑर्डिनेशन (WMCC) की 33वीं और 34वीं बैठक हुई.
सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत दिसंबर 2024 और अगस्त 2025 में हुई. अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया. इसके बाद 25-26 अक्टूबर को पूर्वी लद्दाख में 23वीं कोर कमांडर स्तर की बैठक हुई. रिपोर्ट के अनुसार, बॉर्डर पर्सनल मीटिंग में माहौल शांतिपूर्ण रहा और विवादों को बातचीत से सुलझाने की कोशिश जारी रही.
जम्मू-कश्मीर में हिंसा और स्थानीय भर्ती में कमी
सेना ने रिपोर्ट में कहा है कि 2025 में जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी की कोई घटना दर्ज नहीं हुई. इसी अवधि में केवल एक स्थानीय युवक के आतंकी संगठनों में शामिल होने की जानकारी दी गई है. सेना के अनुसार, क्षेत्र में हिंसा और विरोध-प्रदर्शन का स्तर भी कम हुआ.
हालांकि, नियंत्रण रेखा (LoC) पर सीजफायर उल्लंघन बढ़े. रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में ऐसे दो मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 163 हो गई. सेना ने यह भी बताया कि 2025 में 12 पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया.
ड्रोन से हथियार और नशीले पदार्थ भेजने की चुनौती
रिपोर्ट के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 2025 में दो AK-47 राइफल, 75 पिस्टल और 281.41 किलोग्राम नशीला सामान बरामद किया गया. सेना का कहना है कि यह सामग्री ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई थी. पंजाब समेत पश्चिमी सीमा पर ड्रोन से हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी को बड़ी चुनौती बताया गया है.
सेना के अनुसार, मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद 10 और 12 मई को भारत-पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद LoC पर स्थिति काफी हद तक स्थिर हुई, हालांकि सीमा पर अनिश्चितता बनी हुई है. रिपोर्ट में ऑपरेशन के बाद बलों के पुनर्गठन, तीनों सेनाओं के बेहतर तालमेल और नई तकनीक शामिल करने के लिए सैन्य क्षमताओं की समीक्षा का भी उल्लेख है.
