अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह हुए उग्रवादी हमले में असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार जवान घायल बताए गए हैं. घटना नामपोंग सर्कल में नामपोंग नाला के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुई.

मृतक जवान की पहचान हवलदार जानखोकाई कुक्की (42) के रूप में बताई गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जवान उस समय पेट्रोलिंग पर थे. इसी दौरान घात लगाकर उन पर गोलीबारी की गई. क्षेत्र में भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है.

NSCN-K-YA पर शुरुआती संदेह

प्रारंभिक जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर हमले में नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड के युंग आंग गुट यानी NSCN-K-YA के उग्रवादियों की भूमिका का संदेह जताया गया है. यह अभी शुरुआती आकलन है और जांच जारी है.

हमले के बाद भारतीय सेना और जिला पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी. भागे हुए हमलावरों की तलाश में आसपास के जंगलों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है. सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अभियान तेज कर दिया गया है.

चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी को विस्तृत जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है.