अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले में रोइंग-अनिनी मार्ग पर बाघ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने चार किलोमीटर के हिस्से में दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. बाघ 14 अक्टूबर को तिवारी गांव के पास सड़क किनारे नजर आया था. वन अधिकारियों ने भी इसकी मौजूदगी देखे जाने की पुष्टि की है.

मेहाओ वन्यजीव अभयारण्य प्रभाग के डीएफओ मितो रूमी की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, रोक सड़क के 19वें से 23वें किलोमीटर के बीच लागू है. खासकर सुबह जल्दी, शाम और रात के समय दोपहिया वाहनों से इस हिस्से में जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है. वन विभाग की टीम बाघ को ट्रैक कर सुरक्षित रूप से पकड़ने की कोशिश कर रही है.

यात्रियों के लिए निर्देश

लोगों से प्रभावित क्षेत्र में रुकने, घूमने, पिकनिक मनाने या तस्वीरें लेने से बचने को कहा गया है. वाहन चालकों को खिड़कियां बंद रखने और रास्ते में वाहन से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है. आसपास के जंगलों में ट्रेकिंग या लघु वन उपज जुटाने के लिए जाने पर भी रोक संबंधी चेतावनी दी गई है.

बाघ दिखने पर लोग मेहाओ वन्यजीव अभयारण्य प्रभाग के रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर मागोने लिंगी को 7085459372 या 9436221862 पर सूचना दे सकते हैं.