अरुणाचल प्रदेश के पासिघाट में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट के विरोध के बीच पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और पासिघाट पश्चिम के विधायक निनोंग एरिंग ने प्रदर्शनकारियों और प्रशासन से बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की है. यह अपील उनके आवास में तोड़फोड़ की घटना के बाद सामने आई है.
एरिंग ने कहा कि लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन, बंद और धरने का अधिकार है, लेकिन सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा स्वीकार्य नहीं हो सकती. उन्होंने सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम समेत अन्य संगठनों से बातचीत के लिए आगे आने को कहा.
उन्होंने प्रस्तावित परियोजना की प्री-फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया. उनके मुताबिक, इस रिपोर्ट से यह समझने में मदद मिलेगी कि बांध से स्थानीय लोगों, डूब क्षेत्र, जमीन और आजीविका पर क्या असर पड़ सकता है.
विरोध के दौरान प्रशासन और पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है तथा केंद्रीय सुरक्षा बल भी क्षेत्र में पहुंचे हैं. रिपोर्टों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने एक एनएचपीसी कार्यालय, पुलिस स्टेशन और कुछ राजनीतिक नेताओं के आवासों को नुकसान पहुंचाया. इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी की भी सूचना है.
एरिंग ने केंद्र सरकार से चीन के साथ जल-संधि पर बातचीत शुरू करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि सीमा पार बांध निर्माण और निचले इलाकों में रहने वाले समुदायों की चिंताओं पर भी चर्चा जरूरी है.
