अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की Siang Upper Multipurpose Project के खिलाफ विरोध गुरुवार को तेज हो गया. प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की बिना शर्त रिहाई और आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने की मांग की.
रैली में युवाओं और स्वदेशी अधिकार कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों के हाथों में परियोजना के विरोध वाले पोस्टर थे और उन्होंने इसके खिलाफ नारे लगाए. कुछ प्रतिभागी पारंपरिक जनजातीय परिधान में भी नजर आए.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी तत्काल मांग हिरासत में रखे लोगों को रिहा करना है. इसके साथ ही उन्होंने विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में दर्ज मामलों को समाप्त करने की मांग भी उठाई.
यह आंदोलन परियोजना से जुड़े प्री-फीजिबिलिटी रिपोर्ट सर्वे को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हो रहा है. इससे पहले क्षेत्र में विरोध के दौरान गिरफ्तारियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और सर्वे गतिविधियों को लेकर भी असहमति सामने आई है. राज्य सरकार ने बातचीत की इच्छा जताई है, जबकि प्रदर्शनकारी परियोजना से जुड़ी गतिविधियों पर पुनर्विचार और स्थानीय समुदायों की सहमति की मांग कर रहे हैं.
