दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम नहीं दिखने पर आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए हैं. पार्टी ने इसे चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर चिंता बताया है.
दिल्ली में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत केजरीवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत करीब 33.1 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं. नोटिस उन मामलों में दिए गए हैं, जिन्हें चुनाव अधिकारियों ने “नो मैपिंग” या रिकॉर्ड में तार्किक विसंगति की श्रेणी में रखा है.
अंतिम सूची नवंबर में जारी होगी
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, इन मतदाताओं के नाम पिछली SIR सूची से मैप नहीं होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं. इसका अर्थ यह नहीं है कि वे अंतिम रूप से मतदाता सूची से बाहर कर दिए गए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया के बाद नाम अंतिम सूची में शामिल किए जा सकते हैं.
दिल्ली की संशोधित समय-सारिणी के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जानी है. मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जवाब या आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा.
