ऑस्ट्रेलियाई थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट में भारत को एशिया की तीसरी सबसे प्रभावशाली शक्ति बताया गया है. रिपोर्ट में अमेरिका और चीन को भारत से ऊपर रखा गया है. इस निष्कर्ष के बाद भाजपा ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर देश की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने एशिया में अपना ‘मेजर पावर’ का दर्जा बरकरार रखा और उसका कुल स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया. हालांकि, आर्थिक क्षमता के पैमाने पर गिरावट का भी उल्लेख किया गया है. रिपोर्ट में भारत की कूटनीतिक स्थिति को मजबूत बताया गया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्षेत्रीय नेताओं में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरा सबसे प्रभावी नेता बताया गया है.
भाजपा ने क्या कहा
भाजपा नेता संबित पात्रा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि रिपोर्ट भारत के कूटनीतिक प्रभाव, भविष्य के संसाधनों, आर्थिक संबंधों और रक्षा नेटवर्क में प्रगति को दर्शाती है. उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय संस्थान भारत की बढ़ती ताकत और नेतृत्व को पहचान रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस देश की उपलब्धियों पर सवाल उठाकर नकारात्मकता फैलाते हैं.
तेलंगाना में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी राहुल गांधी की अर्थव्यवस्था संबंधी टिप्पणियों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार के समय भारत को ‘फ्रैजाइल फाइव’ में गिना जाता था, जबकि मोदी सरकार में देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ा है. भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी दावा किया कि भारत के अन्य देशों के साथ आर्थिक संबंधों में गिरावट नहीं आई है और प्रधानमंत्री मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता हैं.
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोवी इंस्टीट्यूट को प्रतिष्ठित थिंक टैंक बताते हुए रिपोर्ट के निष्कर्षों को स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि भारत 1947 से ही विश्व में अपनी अलग पहचान और क्षमता रखने वाला प्रमुख देश रहा है तथा देश की अंतर्निहित शक्तियों को समझने के लिए किसी दल के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि वह रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे.
रिपोर्ट में अमेरिका और चीन को एशिया की शक्ति रैंकिंग में शीर्ष पर बताया गया है. इसमें दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर 2018 के बाद सबसे कम स्तर पर आने का उल्लेख भी किया गया है. भारत के बारे में रिपोर्ट में क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों को उसकी प्रभावशाली स्थिति का एक कारण बताया गया, जबकि कमजोर रुपये और विदेशों में निवेश में कमी के कारण आर्थिक क्षमता पर दबाव का संकेत दिया गया है.
