Lowy Institute की 2026 Asia Power Index में भारत ने एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है. भारत को 40.5 अंक मिले हैं और वह अमेरिका तथा चीन के बाद तीसरे स्थान पर है. जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है.
रिपोर्ट के अनुसार, भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर 2018 में Index शुरू होने के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंचा है. हालांकि, चीन की व्यापक शक्ति अभी भी भारत से करीब 80 प्रतिशत अधिक है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एशिया के दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता का दर्जा दिया गया है. इस आकलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले स्थान पर हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों का आकलन बेहतर हुआ है.
भारत ने Index के आठ मानकों में से पांच में सुधार दर्ज किया. कूटनीतिक प्रभाव 70.3 अंकों के साथ भारत का सबसे मजबूत पक्ष रहा. भविष्य के संसाधनों में भारत का स्कोर 56.2 और सांस्कृतिक प्रभाव 43.8 अंक रहा.
रिपोर्ट में भारत के रक्षा नेटवर्क में सुधार का भी उल्लेख है. क्षेत्रीय रक्षा सहयोग और दक्षिण-पूर्व एशिया में BrahMos मिसाइलों की बिक्री से भारत की स्थिति बेहतर हुई. हालांकि, कमजोर रुपया, आर्थिक क्षमता में मामूली गिरावट और विदेशों में निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी को चुनौती बताया गया है.
