लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने तीसरे सबसे ताकतवर देश के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया. चीन पहले स्थान पर है, जबकि दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर अब भी काफी बड़ा है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में भारत का क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ा. इसमें कूटनीतिक स्थिति, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार का योगदान रहा. हालांकि, आर्थिक क्षमता के मामले में भारत का स्कोर घटकर 26.4 अंक रह गया. इसके बावजूद भारत इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर बना रहा.

आर्थिक क्षमता में गिरावट, भविष्य के संसाधनों में सुधार

लोवी इंस्टीट्यूट के आकलन के अनुसार, आर्थिक क्षमता में कमी की वजह कमजोर रुपया और अर्थव्यवस्थाओं को मापने की अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की बदली हुई पद्धति रही. विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का भी प्रदर्शन पर असर पड़ा.

इसके उलट, भविष्य के संसाधनों का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया. रिपोर्ट ने इसे बेहतर आर्थिक अनुमान और भारत के सामने मौजूद अवसरों से जोड़ा है. उसका निष्कर्ष है कि भारत की अर्थव्यवस्था और कूटनीति के नतीजे मिले-जुले रहे, लेकिन क्षेत्रीय प्रभाव में बढ़ोतरी हुई.

कूटनीतिक प्रभाव सबसे मजबूत क्षेत्र

भारत का सबसे मजबूत प्रदर्शन कूटनीतिक प्रभाव के क्षेत्र में रहा, जहां उसे 70.3 अंक मिले. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में सुधार हुआ और वे तीन स्थान ऊपर पहुंचकर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बने.

आर्थिक रिश्तों के क्षेत्र में भारत दो स्थान ऊपर उठकर सातवें स्थान पर पहुंचा. क्षेत्रीय व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता को इसका एक कारण बताया गया है.

भारत का रक्षा नेटवर्क स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हुआ और वह इस श्रेणी में नौवें स्थान पर रहा. रिपोर्ट ने क्षेत्रीय रक्षा सहयोग और दक्षिण-पूर्व एशिया में ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को इस सुधार से जोड़ा है. सांस्कृतिक प्रभाव का स्कोर भी बढ़कर 43.8 अंक हुआ.

2026 का एशिया पावर इंडेक्स 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन करता है. इसमें शक्ति के आठ क्षेत्रों के 131 संकेतकों का इस्तेमाल किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, चीन की कुल शक्ति भारत से अब भी 80 प्रतिशत अधिक है.