भारत की 30 सदस्यीय शूटिंग टीम Aichi-Nagoya एशियाई खेलों में पिछले प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी. हांगझोउ एशियाई खेलों में भारत ने शूटिंग से रिकॉर्ड 22 पदक जीते थे, जिनमें सात स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य शामिल थे. जापान में टीम राइफल, पिस्टल और शॉटगन—तीनों वर्गों में चुनौती पेश करेगी.

मनु भाकर पर निगाहें

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल में हिस्सा लेंगी. वह मिश्रित टीम स्पर्धा का भी हिस्सा हैं. ओलंपिक में दो कांस्य और विश्व चैंपियनशिप पदक जीत चुकीं मनु के खाते में अब तक एशियाई खेलों का व्यक्तिगत पदक नहीं है. जापान में वह इस कमी को पूरा करने की कोशिश करेंगी.

ईशा सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल में उतरेंगी, जबकि अनुभवी राही सरनोबत महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम को मजबूती देंगी. यह प्रतियोगिता भारत के लिए दिवंगत कोच और पूर्व निशानेबाज जसपाल राणा के बिना पहला बड़ा अभियान भी होगी. जून में राणा के निधन के बाद पिस्टल टीम में उनकी कमी महसूस की जाएगी. राणा ने मनु भाकर के करियर में अहम भूमिका निभाई थी और पेरिस ओलंपिक के दोनों कांस्य पदकों के दौरान उनका मार्गदर्शन किया था.

राइफल और शॉटगन में भी मजबूत दावेदारी

पूर्व विश्व चैंपियन रुद्राक्ष पाटिल पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में भाग लेंगे. 50 मीटर 3P में उनके साथ ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार होंगे. महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा के. विनोद भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में पार्थ माने और एलावेनिल की जोड़ी होगी.

शॉटगन में अनंतजीत सिंह नरूका, मेराज अहमद खान, कायनान चेनाई, महेश्वरी चौहान, मनीषा कीर और नीरू धांडा पर नजर रहेगी. नरूका और मेराज पुरुषों की स्कीट, महेश्वरी महिलाओं की स्कीट और कायनान पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में चुनौती पेश करेंगे. मिश्रित टीम स्पर्धाएं भी भारत को अतिरिक्त पदक अवसर देंगी.

शूटिंग मुकाबले 20 सितंबर से शुरू होंगे. शुरुआती दिनों में 10 मीटर एयर राइफल, स्कीट और मिश्रित टीम स्पर्धाएं होंगी. महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल का फाइनल 23 सितंबर, पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल का फाइनल 24 सितंबर और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल का फाइनल 28 सितंबर को होगा. पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा का फाइनल 29 सितंबर, जबकि पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल का फाइनल 1 अक्टूबर को निर्धारित है.