असम के गोगामुख में जन्मे सात हफ्ते के हाथी ‘राजा’ को गंभीर हालत में जामनगर स्थित वंतारा अस्पताल पहुंचाया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके इलाज और एयरलिफ्ट में अनंत अंबानी की पहल से मदद मिली.

राजा का जन्म 2 अक्टूबर को हुआ था. जन्म के तुरंत बाद उसकी मां ने घबराहट में उसे लात मार दी, जिससे उसके पिछले दाएं पैर की जांघ की हड्डी टूटकर खिसक गई. चोट के कारण वह खड़ा नहीं हो पा रहा था और उसे मां का दूध भी नहीं मिल सका.

वनतारा की मेडिकल टीम 8 अक्टूबर को असम पहुंची थी. जांच के बाद उसके पैर पर प्लास्टर लगाया गया और घावों का उपचार किया गया. टीम ने विशेष सहारे की मदद से उसे मां के दूध का विकल्प दिया और चौबीसों घंटे निगरानी की. हालत में कुछ सुधार आने के बाद उसे एयरलिफ्ट कर जामनगर लाया गया.

मां का दूध न मिलने और चलने में असमर्थता के कारण राजा को लगातार दस्त हुए और वह कमजोर हो गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह क्लेबसिएला न्यूमोनिया बैक्टीरिया से संक्रमित भी हुआ. कई बार उसका ब्लड शुगर कम हुआ और लिवर पर दबाव बढ़ा. लगातार लेटे रहने से उसके सिर पर गहरे घाव भी हो गए.

अब वंतारा अस्पताल में उसकी हड्डी, संक्रमण और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे लंबे समय तक, संभवतः जीवनभर, चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है.