असम में सरकारी स्कूलों के दौरे को लेकर All Assam Students' Union (AASU) और Cockroach Janta Party (CJP) के बीच सार्वजनिक विवाद शुरू हो गया है. यह घटनाक्रम CJP के ‘School Thik Karo’ अभियान की शुरुआत के कुछ दिनों बाद सामने आया है. अभियान के तहत सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का आकलन किया जा रहा है.
AASU के महासचिव समीरन फूकन ने रविवार को CJP की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे दौरे राज्य में अस्थिर स्थिति पैदा कर सकते हैं. उन्होंने क्षेत्र की शांति को प्रभावित करने की आशंका भी जताई.
CJP ने फूकन की टिप्पणी पर निराशा जताई. संगठन ने कहा कि AASU को सरकारी स्कूलों का दौरा कर जमीनी स्थिति देखने, छात्रों और शिक्षकों से बातचीत करने तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल उठाने चाहिए.
CJP ने AASU को अपने #SchoolThikKoroAbhiyan में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा कि राजनीति बाद में हो सकती है, लेकिन असम के छात्रों के मुद्दों पर ध्यान जरूरी है. इससे पहले CJP की टीम ने पलाशबाड़ी और दिसपुर क्षेत्र के सरकारी स्कूलों का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं और शिक्षण माहौल का जायजा लिया था.
