असम में 2027 के लिए विशेष सारांश संशोधन के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है. इसमें कुल 2,51,76,910 मतदाता दर्ज हैं. यह संख्या 10 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 2,18,771 अधिक है. फरवरी की सूची में 2,49,58,139 मतदाता थे.

संशोधन प्रक्रिया के दौरान 4,12,344 नाम जोड़े गए, जबकि 1,93,573 नाम हटाए गए. इस तरह मतदाता सूची में शुद्ध बढ़ोतरी 2,18,771 की रही. नए जुड़ने वाले मतदाताओं में महिलाओं की संख्या 2,31,584 और पुरुषों की संख्या 1,80,760 रही.

ड्राफ्ट सूची में 2,05,962 दिव्यांग मतदाता और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,87,233 मतदाता शामिल हैं. 85 वर्ष से अधिक उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 1,22,198 है. सूची में 63,237 सर्विस वोटर और छह विदेश में रहने वाले मतदाता भी दर्ज हैं.

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाता 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं. अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होने का कार्यक्रम है.