असम के गोगामुख में जन्मे करीब सात सप्ताह के हाथी के बच्चे ‘राजा’ को गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बीच जामनगर स्थित वनतारा पहुंचाया गया है. उसके पिछले दाएं पैर की जांघ की हड्डी जन्म के समय चोट लगने से टूटकर खिसक गई थी, जिसके कारण वह खड़ा नहीं हो पा रहा था.

राजा का जन्म 2 अक्टूबर को हुआ था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जन्म के समय मां के घबराकर लात मारने से उसे चोट लगी. मां का दूध नहीं मिल पाने के कारण उसकी स्थिति और कमजोर होती गई. वनतारा की चिकित्सा टीम 8 अक्टूबर को असम पहुंची थी. एक्स-रे के बाद उसके पैर पर प्लास्टर लगाया गया और घावों का उपचार किया गया. उसे विशेष सहारे के साथ मां के दूध के विकल्प दिए गए.

लगातार दस्त के कारण राजा कमजोर हुआ और उसे क्लेबसिएला न्यूमोनिया संक्रमण भी हुआ. इस दौरान कई बार उसका ब्लड शुगर कम हुआ और लिवर पर दबाव बढ़ा. लंबे समय तक लेटे रहने से सिर पर गहरे घाव भी हो गए. टीम ने एंटीबायोटिक, तरल पदार्थ और विटामिन के जरिए उपचार किया.

शरीर में कुछ ताकत लौटने के बाद शुक्रवार को उसे एयरलिफ्ट किया गया. अब वनतारा के अस्पताल में हड्डी का विशेष उपचार और पोषण प्रबंधन किया जाएगा. चोट की गंभीरता को देखते हुए उसे लंबे समय, संभवतः जीवनभर, चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत पड़ सकती है.